News India 24x7
  • होम
  • उत्तर प्रदेश
  • UP में तीसरे मोर्चे की एंट्री! स्वामी मौर्य ने 9 दलों के साथ मिलकर बनाया ‘महागठबंधन’, INDIA-NDA को देंगे टक्कर

UP में तीसरे मोर्चे की एंट्री! स्वामी मौर्य ने 9 दलों के साथ मिलकर बनाया ‘महागठबंधन’, INDIA-NDA को देंगे टक्कर

Lok Morcha
inkhbar News
  • Last Updated: June 14, 2025 18:40:45 IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 से पहले सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच सूबे की सियासत में नए गठबंधन की एंट्री हो गई है। पूर्व मंत्री और बसपा, सपा और भाजपा के नेता रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने 9 दलों के साथ मिलकर एक ‘महागठबंन’ बनाया है। लखनऊ के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मौर्य ने ‘लोक मोर्चा’ के गठन की घोषणा की है।

लोक मोर्चा में शामिल दल कौन-कौन से हैं

नए विपक्षी गठबंधन ‘लोक मोर्चा’ में स्वामी प्रसाद मौर्य की अपनी जनता पार्टी, मोती लाल शास्त्री का राष्ट्रीय समानता दल, पूर्व आईएएस तपेंद्र प्रसाद की सम्यक पार्टी, विनेश ठाकुर का जनसेवा दल, पूर्व आईपीएस बीपी अशोक की पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी, सत्य नारायण मौर्य की सर्वलोकहित समाज पार्टी, घनश्याम कोरी की स्वतंत्र जनता राज पार्टी, प्रमोद लोधी की सबका दल (यू) और पूर्व सांसद राजकुमार सैनी की लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी शामिल है।

स्वामी प्रसाद मौर्य होंगे मुख्यमंत्री का चेहरा

‘लोक मोर्चा’ ने सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित कर दिया है। स्वामी प्रसाद मौर्य को अलायंस का सीएम फेस बनाया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वामी मौर्य ने कहा कि 9 दलों वाले ‘लोक मोर्चा’ का उद्देश्य यूपी में आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय को मजबूत करना है।

चुनावी जंग को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश

यूपी की सियासत में इस वक्त दो बड़े गठबंधन हैं। एक ओर बीजेपी के नेतृत्व वाला सत्ताधारी एनडीए अलायंस है, वहीं दूसरी ओर सपा के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन, जिसमें कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी भी शामिल है। इस बीच तीसरे गठबंधन की एंट्री ने यूपी की सियासत को और ज्यादा दिलचस्प बना दिया है। अगर यह गठबंधन 2027 की शुरूआत तक कायम रहा तो संभव है कि आगामी विधानसभा चुनाव में यूपी की कुछ सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई देखने को मिले।