PM Narendra Modi Cyprus Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सायप्रस ने अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सबसे बड़े सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III से सम्मानित किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने साइप्रस सरकार और वहां के लोगों को धन्यवाद कहा।
प्रधानमंत्री ने ह्रदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान सिर्फ नरेंद्र मोदी का ही नहीं है बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का है। यह भारत की क्षमताओं और आकांक्षाओं का पुरस्कार है। यह भारत की संस्कृति, भाईचारे और वसुधैव कुटुंबकम की विचारधारा का सम्मान है। इससे पहले पीएम मोदी का प्रेसिडेंशियल पैलेस में जोरदार स्वागत किया गया। दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने कई अहम मुद्दों पर बातचीत की। अब प्रधानमंत्री G7 में भाग लेने के लिए कनाडा जायेंगे।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी साइप्रस जाने वाले तीसरे भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उनसे पहले 1983 में इंदिरा गांधी और 2002 में अटल बिहारी वाजपेयी साइप्रस जा चुके हैं। भारत और साइप्रस के बीच में कूटनीतिक रिश्ते हमेशा से मजबूत रहे हैं। हालांकि उच्चस्तरीय दौरे बेहद कम हुए। साल 2018 में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और 2022 में विदेश मंत्री एस जयशंकर साइप्रस दौरे पर गए थे।