चंडीगढ़। हरियाणा यूथ कांग्रेस चुनाव का रिजल्ट मंगलवार को जारी किया गया। इस दौरान कांग्रेस ने ऐसी गलती कर दी, जिसे लेकर उसकी खूब फजीहत हो रही है। पार्टी की तरफ से इसमें हिमानी नरवाल का नाम जोड़ा गया है, उन्हें प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। हालांकि इसमें हैरान करने वाली बात ये रही कि जिस हिमानी को कांग्रेस ने प्रदेश महासचिव बनाया है, उसकी हत्या 3 महीने पहले ही हो चुकी है।
इस चूक को लेकर पार्टी के विरोधी तो हमलावर हैं ही, साथ में कांग्रेस के अंदर भी हलचल मच गई है। सोशल मीडिया पर यूजर्स कांग्रेस को ट्रोल कर रहे हैं। प्रदेश नेतृत्व से सवाल किया कि क्या पार्टी को इतना भी नहीं मालूम कि जिन युवाओं को पद दिए जा रहे हैं, वो जीवित हैं भी या नहीं? हालांकि अब हरियाणा कांग्रेस ने अपनी ताजा सूची से हिमानी नरवाल का नाम हटा दिया है। इससे पहले जो लिस्ट जारी हुई थी, उसमें हिमानी का नाम था।
हरियाणा भाजपा ने इस घटना को शर्मनाक बताया है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है कि कांग्रेस की नीति, नेतृत्व और संवेदनहीन हो चुकी है। कांग्रेस को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की स्थिति की नहीं कोई जानकारी नहीं है। पहले स्वर्गवासी रघबीर सैनी जी को बैठक में बुलाया और अब मृतक हिमानी नरवाल को प्रदेश सचिव बनाकर उसका भद्दा मजाक बनाया है।
आपको बता दें कि सोनीपत के कथूरा गांव की रहने वाली हिमानी नरवाल की 28 फरवरी को हत्या कर दी गई थी। हिमानी कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थीं, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ नजर आई थीं। 1 मार्च की सुबह हिमानी का शव सांपला के पास एक सूटकेस में मिला था। उनकी हत्या के जुर्म में पुलिस ने सचिन उर्फ ढिल्लू नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। वह हिमानी का प्रेमी बताया गया था।