News India 24x7
  • होम
  • देश
  • 67 साल की हुईं द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, बोले-नेतृत्व प्रेरित करने वाला

67 साल की हुईं द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, बोले-नेतृत्व प्रेरित करने वाला

MURMU-MODI
inkhbar News
  • Last Updated: June 20, 2025 08:56:42 IST

Draupadi Murmu Birthday: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 67 साल की हो गईं हैं। अपने जन्मदिन के मौके पर राष्ट्रपति उत्तराखंड में होंगी, जहां वो विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के जन्मदिन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने उनकी लंबी और स्वस्थ जीवन की कामना की है।

नेतृत्व प्रेरित करने वाला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा है- राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है। उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। ईश्वर उन्हें लोगों की सेवा करते हुए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।

संघर्षों से भरा रहा निजी जीवन

20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाल आदिवासी परिवार में जन्मीं एक बच्ची के बारे में किसे पता था कि वो आगे चलकर भारत की राष्ट्रपति बनेंगी। उनके पिता बिरंची नारायण टुडू गांव के मुखिया थे और पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े थे। बचपन में ही उन्होंने आदिवासी समाज के सामने आने वाली सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों को देखा था। द्रौपदी मुर्मू का निजी जीवन संघर्षों से भरा रहा। गंभीर बीमारी के कारण उन्होंने अपने पति श्यामा चरण मुर्मू को खो दिया था। इसके बाद उन्होंने कम उम्र में ही अपने दो बेटों को भी खो दिया। 25 जुलाई 2022 को द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली। इससे पहले वे झारखंड की राज्यपाल थीं। मुर्मू भारत की राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी हैं।