News India 24x7
  • होम
  • दुनिया
  • मेक्सिको में जश्न में डूबे लोगों पर गोलीबारी, 12 की मौत, 20 घायल

मेक्सिको में जश्न में डूबे लोगों पर गोलीबारी, 12 की मौत, 20 घायल

Mexico Shooting
inkhbar News
  • Last Updated: June 26, 2025 09:13:20 IST

Mexico Shooting:मेक्सिको के इरापुआटो शहर में एक धार्मिक आयोजन उस समय दुखद हो गया, जब बंदूकधारियों ने जश्न के दौरान ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई है जबकि 20 लोग घायल हो गए। सेंट जॉन द बैपटिस्ट के जन्मोत्सव के जश्न के दौरान मंगलवार देर रात गोलीबारी की घटना हुई। जब गोलीबारी हुई तो लोग सड़क पर नाच रहे थे।

राष्ट्रपति ने की हमले की निंदा

इरापुआटो के एक अधिकारी रोडोल्फो गोमेज़ सर्वेंट्स ने बुधवार को पुष्टि की कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। गुआनाजुआटो राज्य अभियोजक के कार्यालय ने बताया कि मृतकों में एक 17 वर्षीय किशोर, आठ पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने हमले की निंदा की और कहा कि इसकी जांच की जा रही है। हाल के हफ्तों में राज्य में यह दूसरी ऐसी घटना है।

गैंगस्टर का बढ़ रहा प्रभाव

पिछले महीने गुआनाजुआटो के ही सैन बार्टोलो डे बेरियोस में कैथोलिक चर्च में आयोजित एक पार्टी में गोलीबारी हुई थी, जिसमें सात लोग मारे गए थे। मेक्सिको सिटी के उत्तर-पश्चिम में स्थित गुआनाजुआटो देश के सबसे हिंसक राज्यों में से एक है। इस हिंसा के लिए संगठित अपराध समूहों के बीच होने वाली लड़ाई को जिम्मेदार माना जा रहा। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक राज्य में साल के पहले पांच महीनों में 1435 हत्याएं दर्ज की गई हैं। यह किसी भी अन्य मैक्सिकन राज्य की तुलना में दोगुनी से भी अधिक है।

 

करारा जवाब देंगे…चीन की धरती से राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को लताड़ा, SCO मीटिंग में गरजे रक्षा मंत्री

पूर्वी भारत में बाढ़ और बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त, असम सहित सात राज्यों में अब तक 48 मौतें