New Delhi : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इन दिनों चेहरे को झुलसा देने वाली भीषण गर्मी का कहर जारी है। आसमान से मानो आग की लपटें उठ रही हों, ऐसा महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार दिल्ली में कम से कम 12 जून तक यह गर्म मौसम बना रहेगा। बुधवार को दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि रात में भी 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास न्यूनतम तापमान रहने का अनुमान लगाया गया है।

आयानगर में सीजन का सबसे ज्यादा तापमान

मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। दिल्ली के आयानगर में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान है। वहीं रिज इलाके में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हालांकि दिल्ली का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है, लेकिन गर्मी को देखते हुए ऐसा महसूस हो रहा है जैसे यह 50 डिग्री के करीब हो।

रियल फील टेम्प्रेचर 47 डिग्री के पार

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को ‘रियल फील टेम्प्रेचर’ या ताप सूचकांक 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ‘रियल फील टेम्प्रेचर’ वह माप है जो बताता है कि वायु तापमान और सापेक्ष आर्द्रता दोनों को ध्यान में रखते हुए मानव शरीर को कितना गर्म या ठंडा महसूस होता है।

शहर के विभिन्न इलाकों में तापमान की स्थिति

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में लगातार तापमान की वृद्धि देखी जा रही है। मंगलवार को सुबह 8:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार रिज स्टेशन पर अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आयानगर में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं पालम में 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि लोधी रोड स्टेशन पर अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

12 जून के बाद मिल सकती है राहत

दिल्ली के लाखों लोगों के लिए एक अच्छी खबर यह है कि 12 जून के बाद भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जो गर्मी से कुछ राहत दिला सकती हैं। इस बीच दिल्लीवासियों को सलाह दी जा रही है कि वे दिन के समय घर से बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। लू से बचने के लिए हल्के रंग के कपड़े पहनें और सिर को ढककर रखें।