शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की शुरुआत के साथ ही भारी बारिश ने भीषण तबाही मचाई हुई है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि मानसून के शुरू होने के बाद से अभी तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 37 लोग लापता हैं। इसके साथ ही 110 लोग घायल भी हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा से राज्य को करीब 700 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने के बाद से सड़कों, पानी की परियोजनाओं, बिजली की तारों और खंभों को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है। बहुत सारे बिजली के खंभे उखड़ गए हैं, जिससे बिजली की आपूर्ति बहुत बुरी तरह प्रभावित हुई है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हिमाचल में 14 जगहों पर बादल फटने की घटनाएं हमारी जानकारी में आई हैं। उन्होंने कहा कि हम इस बात का अध्ययन कर रहे हैं कि बादल फटने की घटनाएं इतनी ज्यादा क्यों हो रही हैं।
सीएम सुक्खू ने आगे बताया कि आज केंद्रीय गृह मंत्री से मेरी फोन पर बात हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हमें पूरी मदद करने का आश्वासन दिया है। एक केंद्रीय टीम नुकसान का जायजा लेने के लिए आज हिमाचल पहुंच रही है।
अहमदाबाद प्लेन हादसे के पीड़ितों को मुआवजा देने से बच रही एअर इंडिया, ब्रिटिश वकील का बड़ा दावा