News India 24x7
  • होम
  • देश
  • इस देश के बंदूकधारियों के हमले में 100 से ज्यादा की मौत, घर में घुसकर जिंदा जलाया, कई लापता

इस देश के बंदूकधारियों के हमले में 100 से ज्यादा की मौत, घर में घुसकर जिंदा जलाया, कई लापता

News India 24x7
inkhbar News
  • Last Updated: June 15, 2025 10:46:06 IST

Nigeria : नाइजीरिया के मध्य स्थित बेन्यू राज्य के येलेवाटा गांव में बंदूकधारियों द्वारा किए गए एक भीषण हमले में कम से कम 100 लोगों की जान चली गई है। एमनेस्टी इंटरनेशनल नाइजीरिया ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस हमले में कई लोग अभी भी लापता हैं और दर्जनों घायल हैं जिन्हें पर्याप्त चिकित्सा सहायता नहीं मिल पा रही है। मानवाधिकार संगठन के अनुसार, कई परिवारों को उनके घरों में बंद करके जिंदा जला दिया गया, जिससे यह त्रासदी और भी भयावह हो गई।

दो धर्मों की लड़ाई ने ले ली कई की जान

यह घटना नाइजीरिया के मिडल बेल्ट क्षेत्र में स्थित बेन्यू राज्य में घटित हुई है, जो लंबे समय से चरवाहों और किसानों के बीच भूमि विवाद का केंद्र रहा है। इस क्षेत्र में मुसलमान चरवाहे अपने मवेशियों के लिए चरागाह की मांग करते हैं, जबकि स्थानीय किसान कृषि के लिए भूमि चाहते हैं। यह संघर्ष समय के साथ धार्मिक और जातीय तनावों से और जटिल हो गया है, क्योंकि यहां मुस्लिम और ईसाई दोनों समुदायों की बड़ी आबादी निवास करती है।

500 से अधिक लोगों की जान गई

पिछले महीने भी ग्वेर वेस्ट जिले में चरवाहों द्वारा किए गए हमलों में कम से कम 42 लोगों की मौत हुई थी। SBM इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के अनुसार, 2019 से अब तक इस क्षेत्र में 500 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और लगभग 22 लाख लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने बताया कि हमले में बचे हुए लोग गंभीर रूप से घायल हैं लेकिन उन्हें उचित चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल रहीं। कई परिवार अब भी लापता हैं और पूरा गांव खंडहर में तब्दील हो गया है।

नाइजीरिया में बढ़ती सांप्रदायिक हिंसा

अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने नाइजीरिया सरकार से हमलावरों की तत्काल पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवारों के लिए आवास और तत्काल राहत प्रदान करने तथा इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सही नीति निर्माण की भी मांग की गई है। यह घटना नाइजीरिया में बढ़ती सांप्रदायिक हिंसा और सुरक्षा चुनौतियों को दर्शाती है।