• होम
  • देश
  • पिता का अंतिम संस्कार कर लौट रहा बेटा, घर की इकलौती कमाने वाली एयर होस्टेस… अहमदाबाद प्लेन क्रैश की 5 दर्दनाक कहानियां

पिता का अंतिम संस्कार कर लौट रहा बेटा, घर की इकलौती कमाने वाली एयर होस्टेस… अहमदाबाद प्लेन क्रैश की 5 दर्दनाक कहानियां

air india plane crash
inkhbar News
  • Last Updated: June 13, 2025 12:02:58 IST

अहमदाबाद/गांधीनगर/नई दिल्ली। गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार की दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया का विमान बोइंग-787 ड्रीमलाइनर उड़ान भरने के कुछ ही मिनट में क्रैश हो गया। विमान में 12 क्रू मेंबर समेत कुल 242 लोग सवार थे। इस हादसे में सिर्फ एक यात्री जिंदा बच पाया। मारे गए लोगों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी हैं। कुल 242 मृतकों में 169 भारतीय, 52 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल हैं।

प्लेन हादसे में मारे गए यात्रियों में कई लोगों की कहानियां दिल को झकझोर देने वाली हैं। आइए आपको इस हादसे की ऐसी ही 5 कहानियां बताते हैं…

1- पिता का अंतिम संस्कार कर लौट रहा था बेटा

विमान हादसे में लंदन में काम करने वाले लॉरेंस डेनियल क्रिश्चियन की मौत हो गई। लॉरेंस अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गुजरात आए थे। उनका परिवार गुजरात के मणिनगर में रहता है। वो 12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट से लंदन वापस जा रहे थे।

2- मणिपुर की एयर होस्टेस के घर पसरा मातम

प्लेन क्रैश में मणिपुर की रहने वाली नगनथोई शर्मा कोंगब्राइलाटपम (22) भी शामिल हैं। नगनथोई एयर इंडिया में एयर होस्टेस का काम करती थीं। बेटी के मौत की खबर सुनकर नगनथोई के घर पर मातम पसर गया है। एयर होस्टेस की छोटी बहन ने बताया कि वो घर में इकलौती कमाने वाली थी।

3- MBBS में एडमिशन लेने जा रही थीं पायल

गुजरात के हिम्मतनगर की रहने वालीं पायल खटीक लंदन के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में एमबीबीएस का दाखिला लेने जा रही थीं। यह उनका पहला विदेशी दौरा था। बचपन से ही डॉक्टर बनने का सपना देखने वालीं पायल की अहमदाबाद प्लेन हादसे में मौत हो गई है।

4-पति से मिलने लंदन जा रही थीं खुशबू

प्लेन हादसे में राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वालीं खुशबू कंवर की भी मौत हुई है। खुशबू की चार महीने पहले ही शादी हुई थी। उनके पति लंदन में डॉक्टर हैं। खुशबू अपने पति से मिलने के लिए अहमदाबाद से एयर इंडिया की फ्लाइट पकड़कर लंदन जा रही थीं।

5- लंदन घूमने जा रहे भाई-बहन की हादसे में मौत

राजस्थान के उदयपुर के बड़े व्यवसायी संजीव मोदी के बेटे और बेटी की भी इस प्लेन हादसे में जान गई है। भाई-बहन लंदन घूमने जा रहे थे। मृतक के पड़ोसियों ने बताया कि दोनों बच्चों ने एमबीए की पढ़ाई करने के बाद पिता का व्यापार संभाल लिया था।