Greater Noida News : सात साल की उम्र में बच्चा खेलने में लगा रहता है। खेलने में मग्न बच्चे को न भूख लगती है, न प्यास न ही किसी की टेंशन, ये उम्र खेलने की होती है.. लेकिन ग्रेटर नोएडा के तैमूर को क्या पता था कि उसके साथ क्या होने वाला है। दरअसल, ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में छत पर खेलते समय मासूम तैमूर को बिजली का झटका लग गया। 11 हजार वोल्ट की लाइन के चपेट में आने से तैमूर बच तो गया लेकिन उसको अपने हाथ गंवाने पड़े हैं। झटका इतना जबरदस्त था कि तैमूर के दोनों हाथों को काटना पड़ा है।

इंफेक्शन फैलने से खोने पड़े हाथ

जानकारी के लिए आपको बता दें कि दनकौर थाना क्षेत्र में तैमूर अपने परिवार के साथ रहता है। उसके पिता नौशाद पेशे के वकील हैं। 22 मई को तैमूर रोज की तरह छत पर खेल रहा था। उस दौरान गलती से उसने बिजली का तार छू लिया जिससे उसे करंट लग गया। करंट लगने के बाद परिजन उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लेकर गए। बिजली की चपेट में आने से उसके शरीर में इंफेक्शन फैल गया। जिसके कारण उसके दोनों हाथ कोहनी तक काटने पड़े हैं। इस घटना के बाद परिवार सदमे में है। इतनी छोटी सी उम्र में हाथ खो देने बहुत दर्दनाक है।

बिजली विभाग पर गंभीर आरोप

घटना के बाद परिवार ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। एडवोकेट नौशाद ने बताया कि घटना से पहले वे कई बार छत के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन को हटाने की शिकायत कर चुके थे। लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी गांव में बिजली से कई हादसे हो चुके हैं। घरों के बेहद करीब से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन अब भी खतरा बनी हुई है।