News India 24x7
  • होम
  • नोएडा
  • राकेश कुमार सिंह को मिली यमुना प्राधिकरण और नोएडा एयरपोर्ट की कमान, 10 साल बाद गौतमबुद्धनगर में वापसी

राकेश कुमार सिंह को मिली यमुना प्राधिकरण और नोएडा एयरपोर्ट की कमान, 10 साल बाद गौतमबुद्धनगर में वापसी

News India 24x7
inkhbar News
  • Last Updated: June 29, 2025 16:00:33 IST

Noida News : उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राकेश कुमार सिंह को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सीईओ भी बनाया गया है। राकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री के सचिव के पद से यह नई जिम्मेदारी संभाली है। उनकी इस नियुक्ति के साथ ही अरुण कुमार सिंह का कार्यकाल समाप्त हो गया है, जो कई वर्षों तक दोनों प्राधिकरणों में कार्यरत थे।

अनुभवी प्रशासक की दस साल बाद वापसी

जानकारी के लिए आपको बता दें कि राकेश कुमार सिंह के लिए यह नियुक्ति एक तरह से घर वापसी जैसी है। उनकी करियर की शुरुआत भी गौतमबुद्धनगर से ही हुई थी। 2015 में वे यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के अतिरिक्त सीईओ के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने गाजियाबाद, मुरादाबाद, हापुड़ और लखनऊ में भी महत्वपूर्ण पदों पर सेवा दी है।

कौन हैं राकेश कुमार सिंह

59 वर्षीय राकेश कुमार सिंह का जन्म 22 सितंबर 1965 को बहराइच, अयोध्या (पूर्व में फैजाबाद) में हुआ था। वे अपनी निष्पक्षता और ईमानदारी के लिए प्रशासनिक सेवाओं में जाने जाते हैं। क्रिकेट और अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियां हैं। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान, मध्यकालीन इतिहास और दर्शनशास्त्र में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। इसी विश्वविद्यालय से उन्होंने राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर भी किया है। वित्तीय प्रबंधन में अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए उन्होंने 2004 में राष्ट्रीय वित्तीय प्रबंधन संस्थान, फरीदाबाद से एमबीए की डिग्री भी हासिल की है।

दोहरी जिम्मदारी के साथ संभालेंगे कमान

राकेश कुमार सिंह के सामने यमुना प्राधिकरण और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दोनों क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के औद्योगिक विकास और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की प्रगति में उनकी भूमिका अहम होगी। प्रशासनिक अधिकारियों और जानकारों का मानना है कि राकेश कुमार सिंह का व्यापक अनुभव और क्षेत्र की जानकारी इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में सहायक होगी। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और आधुनिक परिवहन व्यवस्था में उनकी नियुक्ति को एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।