News India 24x7
  • होम
  • Others
  • Ahmedabad Plane Crash: 242 लोगों की जान को खतरा, कई की मौत की आशंका, देखिए तस्वीरें

Ahmedabad Plane Crash: 242 लोगों की जान को खतरा, कई की मौत की आशंका, देखिए तस्वीरें

News India 24x7
inkhbar News
  • Last Updated: June 12, 2025 16:49:29 IST

Ahmedabad : गुरुवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बोइंग 787-8 विमान में सवार 242 लोगों में से कई की मौत की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने पुष्टि की है कि “कई लोगों” की मौत हुई है। दोपहर करीब 2 बजे अहमदाबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मेघनीनगर इलाके में यह हादसा हुआ। दुर्घटना उस समय हुई जब विमान उड़ान भर रहा था। घटनास्थल की तस्वीरों में मलबा जलता हुआ दिखाई दे रहा है और आसमान में काला धुआं उठ रहा है।

विमान में 242 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक और 53 ब्रिटिश नागरिक शामिल थे। इसके अतिरिक्त पुर्तगाली और कनाडाई नागरिक भी यात्रियों में शामिल थे। विमान का गंतव्य लंदन गैटविक हवाई अड्डा था।

घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। NDRF की तीन टीमों को गांधीनगर से घटनास्थल पर भेजा गया है, जिसमें कुल 90 कर्मी शामिल हैं। वडोदरा से भी तीन अतिरिक्त टीमें भेजी जा रही हैं। भारतीय सेना और वायु सेना ने भी तत्काल बचाव अभियान शुरू किया है।

दुर्घटनाग्रस्त विमान बोइंग कंपनी का 787-8 मॉडल था, जो लगभग 11 साल पुराना था। यह विमान कई धातुओं के मिश्रण से बना होता है, जिससे इसका वजन कम होता है और यह लंबी दूरी की यात्राओं के लिए उपयुक्त रहता है। इसकी ईंधन की खपत भी अपेक्षाकृत कम होती है, जिसके कारण दुनिया की प्रमुख एयरलाइंस इस विमान का उपयोग करती हैं।

News India 24x7

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैंने अधिकारियों को तत्काल बचाव और राहत कार्य करने और युद्ध स्तर पर घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।” उन्होंने घायल यात्रियों के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था और अस्पतालों में प्राथमिकता के आधार पर इलाज की व्यवस्था के भी निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर भेज दिया गया है।” उन्होंने बताया कि स्थिति का आकलन करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की गई है। गृह मंत्री शाह ने राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।